CBCID के पूर्व इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा के सहारनपुर में ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी
सहारनपुर। विजिलेंस टीम ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा के ठिकानों पर छापा मारकर 14.38 करोड़ की संपत्ति का राजफाश किया है। ब्रजेश नगर स्थित मकानों और शेखपुरा गांव में फार्म हाउस से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्तियां बरामद की गईं। मेरठ विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच-पड़ताल जारी है।
आय से अधिक संपत्ति रखने को लेकर सुर्खियों में रहे रिटायर्ड इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा के आवास और फार्म हाउस पर विजिलेंस टीम ने शनिवार सुबह छापामारी की। इस दौरान परिवार के सदस्यों में खलबली मच गई। सुबह से शाम तक चल कार्रवाई में मेरठ विजिलेंस की टीम ने गहनता से जांच की। इस दौरान 14.38 करोड़ की संपत्ति आरोपित रिटायर्ड इंस्पेक्टर के पास मिली। तीन मकान और फार्म हाउस समेत तीन संपत्ति शेखपुरा कदीम गांव में मिलीं। इसके अलावा प्लाट के 23 बैनामे, दो कार और लाखों की ज्वैलरी मिली है। रिटायर्ड इंस्पेक्टर के खिलाफ मेरठ में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मेरठ विजिलेंस की चार टीमों ने शनिवार सुबह को रिटायर्ड इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा के अलग-अलग ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। प्रेमवीर राणा के ब्रजेश नगर स्थित मकान नंबर बी-80 से 71.500 रुपये का फर्नीचर, बैंक खातों की पासबुक, एलआइसी पालिसी की रसीद, शस्त्र खरीद की रसीद बरामद की गईं। इस मकान की वर्तमान कीमत 1.20 करोड़ रुपये है। वहीं पर मकान नंबर बी-27 में 7.18 लाख रुपये का घरेलू सामान टीम को मिला। करीब 20.59 लाख की ज्वैलरी मिली है। इसी मकान से अलग-अलग बैंकों के 12 खाते मिले हैं। इन खातों के संबंध में टीम जानकारी जुटा रही है कि इन खातों में कितना लेनदेन हुआ है।
