इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब प्रयागराज : संदीप तिवारी पांचवीं बार निर्विरोध अध्यक्ष, पवन पटेल बने सचिव; 14 दिसंबर को पूरी कार्यकारिणी की घोषणा
प्रयागराज। Sandeep Tiwari has been elected chairman unopposed for the fifth time संगम नगरी के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पत्रकारों का सबसे बड़ा मंच “इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब” में वर्ष 2026 की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। बुधवार को नारद सभागार में आयोजित वार्षिक चुनाव में वरिष्ठ टीवी पत्रकार संदीप तिवारी पांचवीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, जबकि युवा एवं ऊर्जावान पत्रकार पवन पटेल को निर्विरोध सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और गरिमामय रहा। सभागार में मौजूद सैकड़ों सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट और फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
क्लब के संस्थापक एवं संयोजक वीरेंद्र पाठक ने चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की और इसी मौके पर तीन सदस्यीय कोर कमेटी का भी गठन किया। कोर कमेटी में वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष दिनेश तिवारी तथा निर्वतमान सचिव कुलदीप शुक्ला को शामिल किया गया है। यह कोर कमेटी अध्यक्ष और सचिव के साथ मिलकर आगामी 14 दिसंबर को पूरी कार्यकारिणी को अंतिम रूप देगी।
उसी दिन नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों की घोषणा के साथ-साथ भव्य शपथ-ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा।चुनाव अधिकारी एवं संयोजक वीरेंद्र पाठक ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन नामांकन आए थे। नाम वापसी की अंतिम तिथि तक दो प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद पूर्व अध्यक्ष संदीप तिवारी एकमात्र दावेदार रह गए। सदस्यों की सर्वसम्मति से उन्हें वर्ष 2026 का अध्यक्ष निर्विरोध घोषित किया गया।
संदीप तिवारी इससे पहले चार बार क्लब की कमान संभाल चुके हैं और उनके कुशल नेतृत्व में क्लब ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी घोषणा होते ही सभागार तालियों से गूंज उठा और सदस्यों ने खड़े होकर अभिनंदन किया।इसी तरह सचिव पद के लिए दो नामांकन प्राप्त हुए थे। नाम वापसी के बाद पवन पटेल एकमात्र प्रत्याशी बचे और उन्हें भी निर्विरोध सचिव चुन लिया गया। पवन पटेल पिछले कई वर्षों से क्लब की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और युवा पत्रकारों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सदस्यों ने माला पहनाई, मिठाई खिलाई और ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।संस्थापक वीरेंद्र पाठक ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब की परंपरा रही है कि हर वर्ष अध्यक्ष और सचिव बदलते हैं, ताकि अधिक से अधिक पत्रकारों को नेतृत्व का अवसर मिले और क्लब में नई ऊर्जा का संचार होता रहे। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को होने वाली बैठक में कोर कमेटी, अध्यक्ष और सचिव मिलकर उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सह सचिव सहित सभी पदों पर मनोनयन करेंगे। यही टीम आयोजन समिति का काम भी देखेगी।
Sandeep Tiwari has been elected chairman unopposed for the fifth time.
शपथ-ग्रहण समारोह में शहर के तमाम गणमान्य लोग और मीडिया हस्तियां शामिल होंगी।नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप तिवारी ने अपने संबोधन में कहा, “मैं क्लब के सभी सदस्यों का हृदय से आभारी हूं जिन्होंने मुझे पांचवीं बार यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। मेरा पिछला हर कार्यकाल पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की साख बढ़ाने के लिए समर्पित रहा है।
वर्ष 2026 में भी हम सब मिलकर क्लब को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और डिजिटल मीडिया के नए चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष पहल की जाएगी।”नवनिर्वाचित सचिव पवन पटेल ने कहा, “क्लब के हर सदस्य का विश्वास मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। मैं दिन-रात मेहनत करके क्लब की गतिविधियों को और सक्रिय बनाऊंगा।
युवा पत्रकारों को मंच देने, महिला पत्रकारों की सुरक्षा और सभी के कल्याण के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ूंगा।”चुनावी सभा में न्यूयॉर्क टाइम्स के प्रतिष्ठित भारतीय मूल के पत्रकार राकेश पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे।
सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब प्रयागराज पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से सक्रिय है और संगम नगरी में टीवी, डिजिटल और वेब पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों का यह सबसे मजबूत संगठन माना जाता है। क्लब ने पत्रकारों के हितों में कई आंदोलन किए, प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए और आपात स्थिति में साथियों की हरसंभव मदद की है। नई टीम से भी सदस्यों को यही उम्मीद है कि क्लब पहले से कहीं अधिक मजबूत और सक्रिय होकर उभरेगा।

Reliable media Desk 24/7

