महराजगंज में मतदाता सूची संशोधन कार्य की समीक्षा: लापरवाही बर्दाश्त नहीं – एसडीएम

Please Share

बस्ती, 24 नवंबर। महराजगंज क्षेत्र में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसडीएम प्रशासनिक सत्येंद्र कुमार सिंह एवं एसडीएम न्यायिक शशि बिंद दूबे ने सख्त चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।रविवार को दोनों अधिकारियों ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 408 महादेवरी का आकस्मिक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों से मतदाता सूची संशोधन कार्य, घर-घर सर्वे की स्थिति, फार्म-6 (नए मतदाता जोड़ने), फार्म-7 (नाम हटाने) तथा फार्म-8 (सुधार) के निस्तारण की विस्तृत जानकारी ली।

साथ ही अब तक कितने नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, कितने नाम हटाए गए और कितने सुधार आवेदन प्राप्त हुए, इसकी भी पड़ताल की गई।एसडीएम प्रशासनिक सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा, “मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है।

कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे, यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अभिलेख सही-सही एवं समय से पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।” वहीं एसडीएम न्यायिक शशि बिंद दूबे ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में पूरी तत्परता बरती जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने बूथ परिसर, रिकॉर्ड रजिस्टर तथा कार्य की भौतिक सत्यापन भी किया।ज्ञात हो कि चुनाव आयोग द्वारा 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी अंतिम तिथि निकट आ रही है। प्रशासन इस कार्य को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए लगातार मैदानी निरीक्षण कर रहा है।

रणधीर आनंद पांडेय

रणधीर आनंद पांडेय ब्यूरो चीफ रिलाएबल मीडिया भारत बस्ती ,उत्तर प्रदेश है RMB में 10 वर्षो से रहकर पत्रकारिता कर रहे है।