MP: आरोप है की शराब पीकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, गुटखा थूककर लाल कर दी दीवार, शौच भी की, ब्राह्मण बच्चे से करवाई सफाई
मैहर जिले के अमुआ टोला प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक समयलाल कोल पर शराब के नशे में स्कूल आने, परिसर में शौच करने और ब्राह्मण छात्रों से सफाई करवाने का गंभीर आरोप लगा है। शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
सतना: सरकारी स्कूल के शिक्षक द्वारा परिसर में शराब की बोतल ले जाने का वीडियो वायरल हुए 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि मैहर जिले से उससे भी ज्यादा हैरान करने वाला मामला सामने आ गया। यहां एक प्राथमिक स्कूल के शिक्षक पर आरोप लगा है कि वह रोज की तरह अत्यधिक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा, परिसर के भीतर ही शौच किया और फिर ब्राह्मण छात्रों को दबाव बनाकर उसकी सफाई करवाई। इस अमानवीय घटना के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है और आरोपी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस थमाया है।
हरदुआ ग्राम पंचायत के अमुआ टोला की घटना
यह शर्मनाक मामला मैहर जिले के हरदुआ ग्राम पंचायत अंतर्गत आने वाले अमुआ टोला प्राथमिक स्कूल का है। आरोपी शिक्षक की पहचान 50 वर्षीय समयलाल कोल के रूप में हुई है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार,ब्राह्मण छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक लंबे समय से इस शिक्षक की शराब पीने की आदत और स्कूल में उसके अशोभनीय व्यवहार की शिकायत गांव के लोगों से कर रहे थे। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए गांव के सरंपच रामावतार कोल और अन्य ग्रामीण अचानक स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
अभिभावक लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि शिक्षक पूरी तरह शराब के नशे में धुत होकर स्कूल आता है। बच्चों ने बताया कि शिक्षक ने परिसर के अंदर शौच किया था और उनसे सफाई करवाई थी। भले ही हमें मौके पर मानव मल नहीं मिला, लेकिन क्लासरूम की दीवारें पूरी तरह गुटखे के निशानों से रंगी हुई थीं। शिक्षक को उनके परिजन रोजाना स्कूल छोड़ते हैं और बाद में वापस ले जाते हैं।
रामावतार कोल, ग्राम सरपंच
स्कूल के मासूम छात्रों ने भी ग्रामीणों को बताया कि शिक्षक क्लासरूम में पढ़ाई कराने के बजाय लगातार गुटखा चबाता रहता है और दीवारों पर थूकता है।
शिक्षा विभाग ने भेजा नोटिस
ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अमुआ टोला स्कूल पहुंचकर मामले की जमीनी पड़ताल की। जांच के बाद रामनगर ब्लॉक के क्लस्टर प्राचार्य ने शिक्षक समयलाल कोल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में शिक्षक पर लगे सभी गंभीर आरोपों, जैसे- नशे की हालत में स्कूल आना, परिसर में शौच करना और बच्चों से सफाई कराना, का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक का जवाब मिलने के बाद उसके खिलाफ निलंबन या बर्खास्तगी जैसी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

राकेश पांडेय मुख्य संपादक रिलाएबल मीडिया भारत है, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारिता में 20 वर्षो से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

